खेलों से स्वस्थ व सशक्त बनेगा युवा : संस्कृत विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री ने किया। उन्होंने युवाओं के समग्र स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद छात्र जीवन का अनिवार्य हिस्सा होना चाहिए। खेल शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ सहनशक्ति, एकाग्रता और तनावमुक्ति प्रदान करते हैं।
प्रो. शास्त्री ने कहा कि नियमित खेल अभ्यास से युवाओं में मानसिक दृढ़ता बढ़ती है और वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने सभी छात्रों से प्रतिदिन व्यायाम और किसी न किसी खेल में भाग लेने की अपील की।
क्रीड़ा परिषद प्रभारी प्रो. लक्ष्मी नारायण जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और कबड्डी के मुकाबले हुए, जबकि शेष खेल अगले दो दिनों में खेले जाएंगे। उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद से युवाओं की एकाग्रता बढ़ती है और मानसिक तनाव दूर रहता है।
क्रीड़ा अधिकारी डॉ. चंद्र शेखर शर्मा ने सभी टीम प्रबंधकों का कुलपति से परिचय कराया। कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृत अकादमी के सचिव प्रो. मनोज किशोर पंत, डॉ. सुमन भट्ट, डॉ. अजय परमार, डॉ. योगेश कुमार सिंघल, मीनाक्षी रावत, डॉ. बिंदुमती, सहायक कुलसचिव संदीप भट्ट, डॉ. श्वेता अवस्थी सहित अनेक शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!