लक्सर। खानपुर क्षेत्र के भगवान शंकर इंटर कॉलेज, तुगलपुर खानपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया। शिविर के अंतर्गत अधिग्रहित ग्राम नाइवाला में स्वयंसेवियों ने साफ-सफाई अभियान चलाया और ग्रामवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर गांव में एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के बौद्धिक सत्र में मास्टर सुभाषचंद, मास्टर रवि चौधरी (राजकीय प्राथमिक विद्यालय दल्लवाला), मास्टर जल सिंह एवं मास्टर राजवीर सिंह (राजकीय प्राथमिक विद्यालय नाइवाला) ने स्वयंसेवियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता अपनाकर हम अनेक बीमारियों से बच सकते हैं और तभी माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के सपने को साकार किया जा सकता है।
प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और छात्रों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामवासियों को जागरूक करने हेतु निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र जी के निर्देशन में हुआ। इसमें अंशिका, आकांक्षा, अजय सैनी, अजय कुमार, पवन यादव, विनय, अनिकेत, शिवम, अरुण, गीतांशु गोयल, नितिन, शानू, शांतनु सहित अनेक स्वयंसेवियों ने सक्रिय सहभागिता की।