हरकी पैडी पर वायरल वीडियो: गंगा सभा ने गंदगी के दावे खारिज किए, बताया हवन कुंड की पूजन सामग्री, -दीपक मौर्य-

Listen to this article

HINDUSTA NEWS TODAY, हरिद्वार। सोशल मीडिया पर हरकी पैडी के मुख्य घाट का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया कि गंगा नदी में गंदगी डाली जा रही है। इस पर श्री गंगा सभा, जो हरकी पैडी की देखरेख और सफाई का जिम्मा संभालती है, ने स्पष्ट किया कि यह गंदगी नहीं, बल्कि हवन कुंड की पूजन सामग्री है।

कार्तिक पूर्णिमा के स्नान का है वीडियो
गंगा सभा के अध्यक्ष पंडित नितिन गौतम ने बताया कि वीडियो कार्तिक पूर्णिमा के स्नान पर्व का है, जब देश-विदेश से गंगा भक्त हरकी पैडी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हवन कुंड में चढ़ाई गई पूजन सामग्री, जिसमें फूल और राख शामिल हैं, को गंगा में प्रवाहित किया जाता है। इसे गंदगी कहना गलत और मां गंगा का अपमान है। गौतम ने लोगों से अपील की कि बिना सत्यता जांचे वीडियो पर टिप्पणी न करें, क्योंकि यह श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाता है।

गंगा सभा और नगर निगम सजग
पंडित गौतम ने कहा कि गंगा सभा गंगा की निर्मलता के प्रति प्रतिबद्ध है और घाट की सफाई व्यवस्था चौबीसों घंटे सुनिश्चित करती है। इस बीच, हरिद्वार नगर निगम भी मामले में सक्रिय हो गया है। अपर नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि गंगा सभा के कर्मचारी सफाई का जिम्मा संभालते हैं और इस संबंध में सभा के पदाधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।

गंगा सभा ने चेतावनी दी कि पूजन सामग्री को गंदगी बताकर आस्था को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!