संत रविदास जयंती पर हिंसा, युवक की हत्या के बाद 500 पुलिसकर्मियों का गांव पर पहरा

Listen to this article

हरिद्वार। रुड़की क्षेत्र में रविवार रात संत रविदास जयंती के समापन पर भगवानपुर थाना क्षेत्र के बीनारसी गांव में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। शोभायात्रा के दौरान पुरानी रंजिश के चलते विवाद भड़क गया, जो पथराव और फायरिंग में बदल गया। इस खूनी संघर्ष में 28 वर्षीय आनंद की मौत हो गई, जबकि विशाल (25) और योगेंद्र (27) गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं।

जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष ने युवक को फोन कर गांव के बाहर खेत में बुलाया और मारपीट की। युवक बचकर घर लौटा, लेकिन हमलावरों ने घर में घुसकर गोलीबारी कर दी। गोली के छर्रों से आनंद की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो साथियों को भी चोटें आईं। दोनों पक्ष एक ही मोहल्ले के निवासी हैं और पहले से किसी बात पर मतभेद चल रहे थे।

हिंसा के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं उठने दिया, जिससे स्थिति जटिल हुई। पुलिस ने तुरंत भारी बल तैनात किया। पीएसी सहित कई थानों के जवान मौके पर पहुंचे और गांव को पूरी तरह घेर लिया। करीब 500 से अधिक पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं, जिससे छोटा सा गांव छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!