हरिद्वार। जिले के थाना भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम बिनारसी में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा और भंडारे के बाद पुरानी रंजिश के चलते दो लोगों की मौत के बाद प्रभारी निरीक्षक और एसएसआई को भी लाइन हाजिर किया है। दो गुटों में हिंसक झड़प के बाद विवाद पथराव से शुरू होकर ताबड़तोड़ फायरिंग और आगजनी में बदल गया था, जिसमें दो आनंद 28 वर्ष और मांगेराम 45 वर्ष की मौत हो गई थीं। एक व्यक्ति गोली से मौके पर मारा गया, जबकि दूसरे को पीट-पीटकर मार डाला गया था। कई लोग घायल हुए, जिनका इलाज रुड़की अस्पताल में चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की रिपोर्ट के आधार पर एक फरवरी को तेज्जुपुर चौकी प्रभारी, एक हेड कांस्टेबल और एक सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। रिपोर्ट में मौके पर तत्काल न पहुंचने और उच्चाधिकारियों को सूचना न देने के तथ्य सामने आए।
बाद में 4 फरवरी को एसएसपी ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली भगवानपुर के प्रभारी निरीक्षक और वरिष्ठ उप निरीक्षक (एसएसआई) को लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन में रिपोर्ट करने के आदेश जारी किए। गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जहां भारी पुलिस बल तैनात है और जांच जारी है।
भगवानपुर में रविदास जयंती के बाद हिंसा, दो की मौत- अब प्रभारी निरीक्षक और एसएसआई लाइन हाजिर,