उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: केदारनाथ सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। गुरुवार को केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे पहाड़ सफेद चादर से ढक गए और ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना है। निचले इलाकों में बारिश जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक से दो दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!