हरिद्वार (प्रवेश कटारिया) सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। घर के बाहर चार्जिंग पर खड़ी दो ई-रिक्शा अचानक आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की लपटों ने पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान के अंदर तक पहुंच गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
मिली जानकारी के अनुसार, रावली महदूद निवासी ददन सिंह ने मंगलवार रात अपने मकान के बाहर दो ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगाई थीं। देर रात अचानक दोनों ई-रिक्शा की बैटरियों में चिंगारी उठी और कुछ ही क्षणों में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने धुआं उठता देखा तो शोर मचाया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया और बगल में खड़ी मोटरसाइकिल भी जलने लगी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बाल्टियों और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को भी दी गई, लेकिन लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची। जबकि घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर के दायरे में दो अग्निशमन केंद्र मौजूद हैं, जहां से तत्काल दमकल वाहन भेजा जा सकता था।
आग तेजी से फैलती हुई मकान के अंदर तक पहुंच गई थी। हालांकि मोहल्ले के लोगों की सूझबूझ और सामूहिक प्रयास से आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के अन्य मकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था।
घटना में दोनों ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं, जबकि मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित ददन कुमार ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर ही अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। अब दोनों ई-रिक्शा के जल जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
स्थानीय लोगों में अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि समय पर दमकल वाहन पहुंच जाता तो नुकसान कम हो सकता था। लोगों ने मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बैटरी में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग ई-रिक्शा व अन्य वाहनों की चार्जिंग को लेकर सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं।