हरिद्वार में नवविवाहिता पर ससुराल वालों का अत्याचार: दहेज के लिए मारपीट और हत्या की साजिश, -दीपक मौर्य-

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। पुरकाजी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता तबस्सुम ने अपने पति सलमान और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। तबस्सुम की शादी 26 मई 2024 को मुस्लिम रीति-रिवाज से सलमान, पुत्र यामीन, निवासी झोझगान, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर के साथ हुई थी। शादी में तबस्सुम के मायके वालों ने 50 लाख रुपये खर्च किए और दहेज में घरेलू सामान, कीमती कपड़े, जेवरात और एक कार दी।
शादी के बाद शुरू में ससुराल वालों का व्यवहार सामान्य रहा, लेकिन जल्द ही तबस्सुम के पति सलमान ने फ्लैट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। असमर्थता जताने पर सलमान, ससुर यामीन, सास मीना, जेठ नवाब, गुलबहार, जेठानी रेशम, ननद गुलिस्ता और ननदोई आशु ने तबस्सुम का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न शुरू किया। गर्भावस्था में भी उत्पीड़न जारी रहा और घर खर्च तक बंद कर दिया गया। 12 जुलाई 2025 को तबस्सुम ने एक पुत्री को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल वालों ने उसे और उसकी बेटी को अपशब्द कहकर अपमानित किया।
9 अगस्त 2025 को तबस्सुम ने सुना कि ससुराल वाले उसकी और उसकी बेटी की हत्या की साजिश रच रहे हैं, जिसे चोरी की घटना दिखाने की योजना थी। डरकर तबस्सुम ने मायके वालों को सूचना दी। मायके वालों के पहुंचने पर ससुराल वालों ने उनके साथ भी मारपीट की और तबस्सुम को नवजात पुत्री समेत घर से निकाल दिया। पुलिस को सूचना दी गई, और अब तबस्सुम ने हरिद्वार महिला हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!