नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली कराया गया

Listen to this article

देहरादून (गौरव कुमार) सरोवर नगरी नैनीताल में सोमवार सुबह जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की गंभीर धमकी मिलने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। धमकी भरा ई-मेल जिला न्यायाधीश के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि न्यायालय परिसर में आरडीएक्स बम फिट कर दिया गया है और दोपहर 12:15 बजे या 1:00 बजे विस्फोट किया जाएगा। कुछ संदेशों में जज चैंबर में 12 आरडीएक्स/आईईडी लगाए जाने और तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण रोकने की मांग भी शामिल थी।
धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने आनन-फानन में कार्रवाई शुरू की। नैनीताल एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा ने पुष्टि करते हुए कहा कि ई-मेल प्राप्त होने के बाद कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया। न्यायाधीश, अधिवक्ता, कर्मचारी और वकील अपने चैंबरों से बाहर निकाले गए। पुलिस ने पूरे परिसर को चारों ओर से घेर लिया और सघन जांच अभियान छेड़ दिया। बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), डॉग स्क्वॉड और श्वान दलों की टीमें मौके पर पहुंचीं। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।
नैनीताल के साथ हल्द्वानी, रामनगर और उत्तरकाशी जैसे अन्य न्यायालय परिसरों में भी समान धमकियां मिलने की खबरें आईं, जिससे पूरे उत्तराखंड में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांत रहने की अपील की है। फिलहाल जांच जारी है और कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। यह घटना न्यायिक संस्थाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!