पोखरी ब्लॉक: छात्रा की बहादुरी से भालू के चंगुल से बचा छात्र का जीवन

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। चमोली जिले के पोखरी विकासखंड में भालू का आतंक जारी है। सोमवार को सुबह पोखरी ब्लॉक के हरिशंकर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (जूनियर हाईस्कूल) परिसर में दो भालू घुस आए। भालू के डर से स्कूल का समय 10 बजे निर्धारित था, लेकिन बच्चे साढ़े नौ बजे ही कक्षाओं में पहुंचकर पढ़ाई कर रहे थे।

तभी कक्षा 6 में पढ़ने वाला एक छात्र आरव पर भालू ने हमला कर दिया। भालू ने छात्र को पंजों से खरोंच मारकर कपड़े फाड़े और उसे घसीटकर पास की झाड़ियों में ले गया। हमले में आरव के हाथ, चेहरे और पीठ पर नाखूनों के निशान आए। अन्य बच्चे डरकर कक्षाओं में छिप गए और गेट बंद कर लिया। भालू ने दरवाजा तोड़ने की भी कोशिश की।

यह देख कक्षा 8 की छात्रा दिव्या ने बहादुरी दिखाई और भालू के पीछे भागी। उसने पत्थर दिखाकर और शोर मचाकर भालू को भगाया। इसी बीच शिक्षक और अन्य छात्र भी पहुंचे और झाड़ियों से आरव को सुरक्षित निकाल लिया। दिव्या को भी हल्की चोट आई। दोनों घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

गौरतलब है कि इसी स्कूल के एक छात्र पर दो दिन पहले (20 दिसंबर) स्कूल जाते समय भालू के बच्चे ने हमला किया था, जिसमें छात्र देवेश घायल हुआ था। क्षेत्र में भालू की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों और छात्रों में दहशत है। स्थानीय लोग शासन-प्रशासन और वन विभाग से स्कूलों व आबादी वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!