HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। कोटद्वार-चिल्लरखाल मार्ग निर्माण की मांग को लेकर कंडी रोड संघर्ष समिति के 13 सदस्यों का दल देहरादून के लिए पैदल यात्रा पर निकला। प्रवीण थापा के नेतृत्व में शुरू हुई चार दिवसीय पदयात्रा का पहला पड़ाव गैंडीखाता रहा। लालढांग पहुंचने पर आर.एस. मनराल, कीर्ति मोहन द्विवेदी और स्थानीय ग्रामीणों ने दल का जोरदार स्वागत किया। दल 12 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मार्ग निर्माण की मांग को जोरदार तरीके से उठाएगा।
पिछले दो महीनों से क्षेत्र के लोग धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कोई जनप्रतिनिधि या नेता ने उनकी सुध नहीं ली। नाराज आंदोलनकारियों ने पैदल यात्रा के जरिए अपनी आवाज बुलंद करने का फैसला किया। पहले दिन दल गैंडीखाता पहुंचा और सोमवार को हरिद्वार के लिए रवाना होगा। यात्रा में प्रवीण थापा, रविंद्र सौंद, गणेश रावत, दीपक गौड़, जगदीश मेहरा, गंगा प्रसाद कंडवाल, शशिकांत कुकरेती आदि शामिल हैं।