HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सिख समाज का एक जत्था दिनारपुर सिंह सभा गुरुद्वारे से हरकी पौड़ी स्नान के लिए रवाना हुआ, लेकिन थाना पथरी क्षेत्र के डांडी चौक पर पुलिस ने बैरिकेट लगाकर रोक दिया। इससे सिख समाज और पुलिस प्रशासन के बीच हल्की नोकझोंक हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने एसडीएम हरिद्वार को बुलाया, जिन्होंने सिख समाज से बातचीत कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन स्वीकार किया और जिलाधिकारी से शीघ्र चर्चा का आश्वासन दिया। इसके बाद सिख समाज संतुष्ट होकर लौट गया।
ज्ञापन में कहा गया कि गुरु नानक देव ने हरकी पौड़ी पर ज्ञान का उपदेश दिया था, इसलिए सिख समुदाय वहां मत्था टेकना चाहता है। यह ऐतिहासिक स्थल 1978 में नगर निगम ने सौंदर्यीकरण के लिए अधिग्रहित किया था, जिसे बाद में भारत स्काउट एंड गाइड को सौंप दिया गया। सिख समाज वर्षों से मूल स्थान, गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी, वापस पाने के लिए प्रयासरत है, लेकिन कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिला। समाज का कहना है कि हरकी पौड़ी का यह स्थान उनके लिए अयोध्या की तरह पवित्र है, और दूसरा स्थान स्वीकार्य नहीं। हर साल पुलिस की नाकाबंदी से सिख संगत में आक्रोश है। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जिलाधिकारी से मिलकर इस मुद्दे का हल निकाला जाएगा।