HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के ज्यापोता गांव में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। पहले दो बाइक आपस में टकराईं और सड़क पर गिरे दोनों युवकों के ऊपर से डंपर गुजर गया। मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।
इसी ज्यापोता क्षेत्र में आए दिन भारी वाहनों की वजह से हादसे हो रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने आनन-फानन में हरिद्वार जिले के अंदरूनी मार्गों का निरीक्षण कराया। निरीक्षण में पाया गया कि देशरक्षक तिराहा, बूढ़ी माता मंदिर तिराहा, राजा गार्डन तिराहा, मैंगो फार्म एस-बेंड और खासकर ज्यापोता क्षेत्र में यातायात का भारी दबाव रहता है। राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण, क्षतिग्रस्त मीडियन मार्किंग, कैट-आईज, डिलिनेटर्स और ट्रैफिक संकेतकों की कमी गंभीर समस्या है।
सड़क किनारे स्कूल, बस्तियां और बाजार होने से भारी वाहनों की दिन में आवाजाही जानलेवा साबित हो रही है। इसीलिए निरीक्षण टीम ने जिला सड़क सुरक्षा समिति के समक्ष सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कई घरों के चिराग बुझने के बाद लिया गया यह फैसला कागजों से बाहर सड़क पर उतरेगा या फिर कागजों में सिमट कर रहे जाएगा।