HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर से विशेष जांच दल (एसआईटी) ने लगभग सात घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुई, जहां उनके सभी बयान रिकॉर्ड किए गए।
सुरेश राठौर ने पूछताछ के बाद मीडिया को बताया कि एसआईटी ने उन्हें बुलाया था और वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उनके पास जो भी दस्तावेज थे, वे सभी एसआईटी के समक्ष रख दिए हैं। उन्होंने बताया कि अनगिनत सवालों के जवाब उन्होंने कैमरों के सामने दिए। राठौर ने स्पष्ट किया कि जब भी जांच के लिए उनकी जरूरत पड़ेगी, वे एसआईटी के सामने पेश होंगे और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय भी जाएंगे।
पूर्व विधायक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जो भी दोषी पाया जाएगा, वह सजा पाएगा। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक साजिश और ब्लैकमेलिंग का मामला करार दिया।
बता दें कि बीते बृहस्पतिवार को उर्मिला सनावर (जो खुद को सुरेश राठौर की तथाकथित पत्नी बताती हैं) से भी एसआईटी ने करीब सात घंटे मैराथन पूछताछ की थी। उर्मिला ने सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो-वीडियो जारी कर कथित तौर पर वीआईपी एंगल का दावा किया था, जिससे उत्तराखंड की राजनीति में भूचाल मच गया।
बता दें कि यह मामला 2022 में अंकिता भंडारी की हत्या से जुड़ा है, जहां रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और दो अन्य को पहले ही उम्रकैद की सजा हो चुकी है। हाल के वायरल दावों के बाद एसआईटी ने नए सिरे से जांच तेज की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर न्याय मिले उसके लिए सीबीआई जांच की संस्तुति की है।
सुरेश राठौर से सात घंटे पूछताछ, एसआईटी के सामने दिया बयान, सभी आरोप निराधार बताए,