HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी मचा दी। पहली घटना में लक्सर की रहने वाली छात्रा दिव्यांजलि ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे हरिद्वार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस के अनुसार, छात्रा डिप्रेशन में थी, हालांकि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पढ़ाई में अव्वल रहने वाली दिव्यांजलि की मौत से परिवार और परिचित सदमे में हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना में, सिंहद्वार क्षेत्र में घाट निर्माण के दौरान मजदूरों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मिस्सरपुर के सागर और शोभित पर आरोप है कि उन्होंने अपने साथी मजदूर हेमंत को गंगा में धक्का दे दिया और अन्य मजदूरों के साथ मारपीट की। इस घटना से कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ठेकेदार अरुण कुमार गुप्ता के अधीन चल रहे कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। कनखल पुलिस ने हेमंत की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों मामलों ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है।
लक्सर में छात्रा की जहर खाने से मौत, गंगा घाट पर मजदूर को धक्का : हरिद्वार में सनसनीखेज घटनाएं, -दीपक मौर्य-