हरिद्वार(गौरव कुमार) राज्य के पर्यटन एवं लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार में सीसीआर सभागार में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पीएमजीएसवाई के सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी सड़क परियोजनाएं समयबद्ध, उच्च गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक से पूर्ण की जाएं। प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए पैचवर्क कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। दुर्घटना संभावित स्थानों पर साइन बोर्ड अनिवार्य लगाने तथा पूर्ण सड़कों पर वाहन संचालन के लिए परिवहन विभाग से स्वीकृति लेने के आदेश दिए गए।
मंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि देहरादून के सुद्धोवाला से मसूरी तक वैकल्पिक सड़क के लिए डीपीआर तैयार है और अलाइनमेंट पूरा हो चुका है। पैचवर्क संबंधी 1456 शिकायतों में से 1444 का निस्तारण हो गया है। कैंची धाम मंदिर क्षेत्र में जाम की समस्या दूर करने के लिए कैंची धाम बाईपास को स्वीकृति मिल गई है। जून तक वैली ब्रिज तैयार कर यातायात डायवर्जन किया जाएगा। सिंगटाली पुल निर्माण के लिए वन विभाग से अनुमति मिलते ही कार्य शुरू होगा। महत्वपूर्ण स्थलों पर उचित रोड साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा समीक्षा की गई है। विभिन्न विभागों को धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। स्थाई निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सचिव लोनिवि पंकज कुमार पांडे, प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रंजीत सिंह रावत, अधीक्षण अभियंता हरिद्वार डी.पी. सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।