सिडकुल पुलिस की सख्त कार्रवाई : शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर चला हंटर, 42 गिरफ्तार, 10,500 रुपये जुर्माना वसूला

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने की लगातार मिल रही शिकायतों पर पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सिडकुल थाना पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया और अलग-अलग स्थानों से शराब पीकर उत्पात मचाने वाले कुल 42 व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी सड़क मार्ग से आवागमन करती हैं। पिछले कुछ दिनों से शराब के नशे में धुत कुछ असामाजिक तत्व इन महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कस रहे थे तथा सार्वजनिक स्थानों, ढाबों व शराब की दुकानों के आसपास शोर-शराबा कर माहौल खराब कर रहे थे। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिडकुल के प्रभारी नितेश शर्मा के दिशा-निर्देशन में वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र तोमर के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, ढाबों, शराब की दुकानों व सड़क किनारे छापेमारी की। इस दौरान शराब पीकर हुड़दंग मचाते पाए गए 42 अभियुक्तों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम (वर्तमान में उत्तराखंड में लागू) की धारा-81 के अंतर्गत चालानी कार्यवाही की गई तथा कुल रु. 10,500/- का संयोजन शुल्क (जुर्माना) मौके पर ही वसूल किया गया।
सभी अभियुक्तों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब नहीं पिएगा, न ही पीने देगा और न ही किसी भी प्रकार का हुड़दंग या महिलाओं से छेड़छाड़ करेगा। ऐसा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!