HINDUSTAN NEWS TODAY, ब्यूरो :- ओडिशा की रहने वाली सृष्टि शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने दूसरा आरोपी सुमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बीती 4 नवंबर को किच्छा के लालपुर में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने पहले ही एक आरोपी, अमित शर्मा, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब 7 नवंबर की देर रात मुखबिर की सूचना पर सुमित सिंह को उत्तर प्रदेश के रामपुर भागने के दौरान धर दबोचा गया।
किच्छा कोतवाली पुलिस ने इस मामले में मुकदमा संख्या 363/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया था। पुलिस ने महज 10 घंटे में हत्याकांड की परतें उघाड़ते हुए अमित शर्मा को गिरफ्तार किया था, जिसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच में पता चला कि सुमित सिंह ने अपने भाई अमित के साथ मिलकर सृष्टि की हत्या की और सबूत छिपाने के लिए लाश को मोटरसाइकिल से बरोर नदी श्मशान घाट, लालपुर में फेंक दिया।
पुलिस पूछताछ में सुमित ने हत्या में अपनी भूमिका कबूल की। पुलिस प्रशासन के सख्त निर्देशों के बाद किच्छा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड का खुलासा किया। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है ताकि अन्य संभावित तथ्य सामने आ सकें।
सृष्टि शर्मा हत्याकांड: दूसरा आरोपी सुमित सिंह गिरफ्तार, पुलिस ने 10 घंटे में खोला राज, -दीपक मौर्य-