HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने की चाह में एक युवक ने अवैध तमंचे के साथ रील बनाकर वीडियो वायरल कर दिया, जिसके बाद सिडकुल पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी की पहचान बिजनौर निवासी सन्नी (हाल रावली महदूद, सिडकुल) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी युवक खेतों के बीच हाथ में तमंचा लहराते हुए दबंगई भरी हरकतें कर रहा था। इसके अलावा उसने तमंचे की फोटो भी अपनी स्टोरी पर अपलोड की थी। वीडियो सामने आते ही सिडकुल थाना पुलिस अलर्ट हो गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
थाना प्रभारी रितेश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने सोमवार देर रात जय श्रीराम महाकाल प्रॉपर्टीज के सीमेंट गोदाम के पीछे छापेमारी कर सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि युवाओं में गलत संदेश भी फैलाता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।