हरिद्वार: कड़ाके की ठंड में जिलाधिकारी का संवेदनशील कदम, स्वयं बांटे कंबल, अलाव-रैन बसेरों का लिया जायजा

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। हरिद्वार। जनपद में बढ़ती शीत लहर के मद्देनजर गरीब, निराश्रित एवं असहाय व्यक्तियों को ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं धरातल पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। शनिवार को जिलाधिकारी ने शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा के साथ मिलकर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर गरीबों को कंबल वितरित किए तथा अलाव व रैन बसेरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी एवं पालिका अध्यक्ष ने शिव मंदिर, शिवालिक नगर चौक, सीआईएसएफ कैंप कार्यालय के पास, टिहरी विस्थापित कॉलोनी तथा हनुमान मंदिर सेक्टर-4 सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर निराश्रित व्यक्तियों को स्वयं कंबल प्रदान किए। साथ ही, क्षेत्र में जलाए जा रहे अलावों का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद के 20-25 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं और शीत लहर बढ़ने पर इनकी संख्या में वृद्धि की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, शिवालिक नगर पालिका परिषद में निर्मित रैन बसेरे का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रैन बसेरे में आने वाले व्यक्तियों का पूरा डाटा मेंटेन किया जाए, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा हीटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि बढ़ते कोहरे एवं शीत लहर के कारण अनावश्यक बाहर न निकलें, विशेषकर रात्रि में यात्रा से बचें तथा अपनी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। साथ ही, उन्होंने सभी से गरीब एवं निराश्रित लोगों की मदद करने की अपील की।

पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने जिलाधिकारी की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि गरीबों के लिए की जा रही यह व्यवस्था सराहनीय है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, पूर्व सभासद अजय मालिक, पंकज चौहान, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, मंडल महामंत्री अंशुल शर्मा, रवि वर्मा एवं आदित्य मालिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!