HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने जानकारी दी है कि उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) द्वारा आगामी 22 नवंबर (शनिवार) को द्विवर्षीय डी.एल.एड. (D.El.Ed.) प्रशिक्षण सत्र 2025 की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक जनपद हरिद्वार के नगर क्षेत्र में चार परीक्षा केंद्रों पर होगी।
परीक्षा केंद्र…..
- पी.एम. श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, ज्वालापुर (नोडल केंद्र)
- पी.बी.एम. इंटर कॉलेज, मायापुर
- ज्वालापुर इंटर कॉलेज, ज्वालापुर
- सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर
परीक्षा को पूर्णतः नकल-विहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत सभी चारों परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की है।
प्रमुख प्रतिबंध:
- बिना जिला मजिस्ट्रेट/अपर जिला मजिस्ट्रेट की पूर्व अनुमति के 5 या इससे अधिक व्यक्ति एकत्र नहीं हो सकेंगे, न ही कोई सभा या जुलूस निकाला जा सकेगा।
- कोई भी व्यक्ति धरना-प्रदर्शन, भड़काऊ भाषण या लोक शांति भंग करने वाला कार्य नहीं करेगा।
- 200 मीटर क्षेत्र में निर्धारित मानक से अधिक ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित।
- लाठी, चाकू, तलवार, भाला, आग्नेयास्त्र, विस्फोटक पदार्थ, तेजाब, पेट्रोल आदि लेकर चलना या रखना वर्जित।
- परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों सहित किसी को भी सेलुलर फोन, पेजर या कोई पाठ्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
- पुलिस एवं नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को छोड़कर अन्य कोई व्यक्ति 200 मीटर की परिधि में प्रवेश नहीं करेगा।
आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा-223 के अंतर्गत दंडनीय अपराध माना जाएगा।