हरिद्वार (गौरव कुमार) शहर विकास विभाग के सचिव नीतीश झा ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर 2027 महाकुंभ की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कंट्रोल रूम (सीसीआर टावर) का जायजा लिया, जो पूरे मेला क्षेत्र की रीयल-टाइम निगरानी के लिए विकसित किया जा रहा है। यहां से सीसीटीवी कैमरों और ड्रोनों की सहायता से भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और आपात स्थितियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
इसके बाद वे हरकी पैड़ी क्षेत्र पहुंचे, जहां घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण रणनीति, आपात निकास मार्ग, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की अन्य सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
सचिव नीतीश झा ने कहा कि महाकुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा का केंद्र है। सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि 2027 का कुंभ ऐतिहासिक, भव्य और पूरी तरह सुरक्षित हो। आधुनिक तकनीक से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
सरकार ने कुंभ के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं मंजूर की हैं, जिनमें स्थायी घाट निर्माण, पुलों की मजबूती, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, यातायात प्रबंधन और आपदा प्रबंधन शामिल हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जा रहे हैं। तैयारियां तेजी से चल रही हैं, ताकि यह आयोजन दिव्य और सुरक्षित बने।
महाकुंभ 2027 की तैयारियों का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे सचिव नीतीश झा