HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर पीली नदी पुल के पास बुधवार शाम सवा चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय सिम्मी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके पिता नरेंद्र (40) और भाई आशु (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। ज्वालापुर के कड़छ मोहल्ला निवासी यह परिवार उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। पीछे से आ रही उत्तराखंड रोडवेज की रुद्रपुर डिपो की बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक दूर जा गिरी और सिम्मी बस के पहियों तले कुचल गई, जिससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। नरेंद्र और आशु सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक और कंडक्टर वाहन छोड़कर फरार हो गए। श्यामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और बस को कब्जे में लिया। मृतका के परिचितों ने शव की पहचान सिम्मी के रूप में की, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। कार्यवाहक थाना अध्यक्ष मनोज रावत ने बताया कि चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का प्रारंभिक कारण प्रतीत होती है।