समीक्षा बैठक : गुंडे-मवाली रहें सावधान! हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस की तैयारी पूरी, विवेचना निस्तारण पर भी कप्तान का जोर,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, गुरुवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के कड़े निर्देश दिए। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोभाल ने अक्तूबर माह में हुए अपराधों व उनके अनावरण की गहन समीक्षा करते हुए लापरवाह थानाध्यक्षों को फटकार लगाई और चेतावनी दी कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म नहीं होने दिया जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि हर अपराध को गंभीरता से लिया जाए, शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों व गुंडा-गैंगस्टरों के खिलाफ थाना स्तर पर निरोधात्मक कार्रवाई तेज की जाए। गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक साक्ष्य, घटनास्थल की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी एवं फील्ड यूनिट का सहयोग अनिवार्य रूप से लिया जाए। साइबर अपराधों की प्रत्येक शिकायत पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर अभियुक्तों तक पहुंचने और आमजन को जागरूक करने के लिए थाना व साइबर सेल संयुक्त चौपाल आयोजित करेंगे।
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र व पारदर्शी निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए चार्जशीट युक्त मामलों को तत्काल ऑनलाइन कर न्यायालय भेजने के निर्देश दिए। अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए विशेष टीमें गठित कर अभियान चलाने को कहा गया।
दिल्ली की हालिया घटना के मद्देनजर पूरे जनपद में गहन सत्यापन, लगातार चेकिंग और बीडीएस टीम की राउंड-द-क्लॉक मुस्तैदी सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए। ठंड व कोहरे में रात्रि ड्यूटी के लिए अलाव आदि व्यवस्था समय से करने को कहा गया।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर/देहात, सभी क्षेत्राधिकारी, यातायात प्रभारी एवं जनपद के समस्त थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!