HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। पुलिस अधीक्षक नगर हरिद्वार अभय सिंह ने शनिवार को कोतवाली रानीपुर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को गहनता से परखा और आवश्यक सुधार के लिए तत्काल दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के क्रम में एसपी सिटी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय, मालखाना, भोजनालय, बैरक, आगंतुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क तथा CCTNS कक्ष का बारीकी से जायजा लिया। परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली भी जांच की गई। मालखाने में रखे असलाह, गोला-बारूद और आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया गया।
उन्होंने मौजूद पुलिसकर्मियों से हथियारों के रखरखाव व उपयोग के बारे में जानकारी ली तथा कई कर्मियों से शस्त्र-अभ्यास भी कराया। इसके बाद थाने के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मेलन लिया गया।
सम्मेलन में एसपी सिटी ने ई-बीट सिस्टम को पूरी तरह अपडेट करने, लंबित विवेचनाओं व प्रपत्रों का त्वरित निस्तारण करने, अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतने तथा प्रभावी रणनीति अपनाने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, चौकी प्रभारी सुमननगर उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार सहित थाने के अन्य अ0उ0नि0, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल एवं महिला कांस्टेबल उपस्थित रहे।