HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में दो माह से फरार चल रहे आरोपी विकास उर्फ काला के खिलाफ रानीपुर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा चस्पा की, ताकि वह शीघ्र आत्मसमर्पण करे।
घटना की शुरुआत 15 अक्टूबर 2025 को हुई, जब ग्राम कुतुबपुर निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को गांव के ही युवक विकास उर्फ काला पुत्र धर्मपाल ने बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा संख्या दर्ज किया,
प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए व्यापक प्रयास किए। विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन आरोपी लगातार फरार रहा। इसके बाद पुलिस ने माननीय न्यायालय से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट प्राप्त किया। जब आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, न्यायालय ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा के तहत फरारी की उद्घोषणा जारी करने का आदेश दिया।
शनिवार को प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार के निर्देशन में चौकी प्रभारी सुमननगर उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार और कांस्टेबल महेंद्र तोमर की टीम ने ग्राम कुतुबपुर गढ़मीरपुर स्थित आरोपी विकास उर्फ काला के घर पर पहुंचकर ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच उद्घोषणा चस्पा की। यह उद्घोषणा सार्वजनिक रूप से की गई, जिसमें आरोपी को निर्दिष्ट समय में न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी गई है।