रानीपुर कांड: भीड़ ने महिला को खंभे से बांधा और जमकर पीटा, चार गिरफ्तार,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने एक महिला को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
आरोप के अनुसार, महिला पर शक था कि वह किसी घर में घुसकर बच्चों का गला दबाने की कोशिश कर रही थी। इसी संदेह के आधार पर गुस्साए स्थानीय निवासियों ने महिला को पकड़ा और उसे एक खंभे से बांध दिया। इसके बाद भीड़ ने उस पर लाठी-डंडों और हाथों से जमकर मारपीट की। वीडियो में महिला दर्द से चीखती-चिल्लाती नजर आ रही है, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। यह वीडियो देखकर हर कोई स्तब्ध है और सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
घटना के बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। महिला के परिजनों और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच भी जमकर मारपीट हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों से एक-दूसरे पर हमले के आरोप लगे हैं।
रानीपुर कोतवाल शांति गंगवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। अब तक चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!