रानीपुर : हरिद्वार पुलिस ने पकड़ा अंतरराष्ट्रीय वाहन चोरी गैंग, 10 मोटरसाइकिलें बरामद

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरियों पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 23 नवंबर को दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर एक अंतरराष्ट्रीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया।

पुलिस ने शिवालिक नगर क्षेत्र से सुमित चौहान (32) पुत्र देवेन्द्र सिंह, निवासी अतरौली, थाना भोजपुर, गाजियाबाद (उप्र) तथा अजीजुर्रहमान उर्फ रहमान मलिक (48) पुत्र अब्दुल वाहिद, निवासी नालापारा मोरीगेट, रामपुर (उप्र) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिन्हें नेपाल ले जाया जा रहा था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह मास्टर की की मदद से वाहन चोरी करता था। चोरी की मोटरसाइकिलों को मुरादाबाद-खटीमा होते हुए जंगल के रास्तों से नेपाल तस्करी कर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर ज्वालापुर नहर पटरी के एक खंडहर मकान से 8 अन्य चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। कुल 10 वाहन बरामद हुए, जिनमें रानीपुर, ज्वालापुर व सिडकुल क्षेत्र से चोरी की गाड़ियां शामिल हैं।

आरोपी सुमित चौहान पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। दोनों ने रानीपुर क्षेत्र से चोरी की दो बुलेट मोटरसाइकिलों को नेपाल बॉर्डर पर छिपाने की बात कबूल की है, जिन्हें बरामद करने पुलिस टीम रवाना हो गई है।

यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार, व0उ0नि0 नितिन चौहान, उ0नि0 विकास रावत सहित रानीपुर पुलिस व सीआईयू टीम (प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट) की संयुक्त टीम ने अंजाम दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!