हरिद्वार में एलपीजी की कालाबाजारी पर छापा, 5 घरेलू सिलेंडर जब्त

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) जिला पूर्ति विभाग ने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन क्षेत्र में छापेमारी की। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल के नेतृत्व में टीम ने आसपास के होटलों, ढाबों और दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की जगह सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों का उपयोग पाया गया, जो नियमों का उल्लंघन है। कार्रवाई के दौरान कुल पांच घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें एक इंडियन गैस और चार भारत गैस के सिलेंडर शामिल हैं।

विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त सिलेंडरों को सुरक्षित रखकर नियमानुसार निपटान किया जाएगा। पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!