शर्मनाक : अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ पर भड़का जनाक्रोश, भीम आर्मी का उग्र प्रदर्शन

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) अलकेश्वर घाट स्थित अंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना 21 मार्च की बताई जा रही है, जिसके बाद स्थानीय लोगों और संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई।

सूचना मिलते ही भीम आर्मी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गढ़वाल प्रभारी दिलशाद हुसैन, जिला अध्यक्ष सुरेश मुयाल, नगर अध्यक्ष मनोज कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि डॉ. अंबेडकर देश के संविधान निर्माता और करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा के साथ इस प्रकार की अभद्रता समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

वहीं, क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि मामले में कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मु0अ0सं0-18/2026 के तहत धारा 196(1)(b) और 298 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!