हरिद्वार पुलिस की मुस्तैद कार्रवाई: 8 घंटे में सीमेंट से लदा चोरी का ट्रक बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। श्री सीमेंट फैक्ट्री, सुल्तानपुर के बाहर से 800 कट्टे सीमेंट से लदा ट्रक चोरी हो गया। शिकायतकर्ता अश्वनी चौपड़ा पुत्र मदन लाल, निवासी अखण्डनगर कनखल, हरिद्वार ने कोतवाली लक्सर में इसकी सूचना दी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी लक्सर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने मैनुअल पेट्रोलिंग, सीसीटीवी फुटेज की जांच, साक्ष्य संकलन और मुखबिर तंत्र के माध्यम से सुराग जुटाए।

महज 8 घंटे के अंदर रायसी बालावाली रोड पर डुमनपुरी गांव के पास कलसिया तिराहे से आरोपी मौहम्मद रमजान शाह उर्फ नन्ना पुत्र यासीन, निवासी वार्ड नंबर 18, नई बस्ती जसपुर, थाना जसपुर, जिला उधम सिंह नगर को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रक में लदे सभी 800 कट्टे सीमेंट बरामद हुए, जिससे 100 प्रतिशत रिकवरी हुई।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह शराब का आदी है और वाहनों में कंडक्टरी करता है, इसलिए ट्रक चलाना जानता है। पहले छोटी-मोटी चोरियां करता था, लेकिन फैक्ट्री के बाहर बिना ड्राइवर के खड़े ट्रक को देखकर लालच में आ गया। उसकी योजना चोरी का ट्रक बिजनौर ले जाकर माल बेचने की थी, लेकिन पुलिस के डर से दिन में सुनसान जगह पर छिपा दिया और रात में ले जाने की सोची। आरोपी का आपराधिक इतिहास जांचा जा रहा है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई में कोतवाली लक्सर की टीम शामिल रही, जिसमें वरिष्ठ उप निरीक्षक लोकपाल परमार, प्रभारी चौकी सुल्तानपुर नरेंद्र सिंह, उप निरीक्षक कर्मवीर सिंह, रंजीत नौटियाल तथा अन्य कांस्टेबल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!