प्रिंसिपल निकला मास्टरमाइंड : हाईस्कूल फर्जी परीक्षा कांड में स्कूल प्रिंसिपल गिरफ्तार,

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) कोतवाली रानीपुर पुलिस ने हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में फर्जी तरीके से परीक्षा दिलाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कूल के प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर वास्तविक परीक्षार्थी की जगह दूसरी छात्रा से परीक्षा दिलाने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 फरवरी 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में आयोजित हाईस्कूल परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र द्विवेदी की ओर से थाना रानीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 59/2026 धारा 318(2), 319(2), 61(2) बीएनएस तथा 3/6 सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया था।

पहले 7 आरोपी हुए थे गिरफ्तार

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन “मुन्ना भाई” और चार “मुन्नी बहनों” को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र भी बरामद किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी।

प्रिंसिपल निकला मास्टरमाइंड

जांच के दौरान सामने आया कि फर्जीवाड़े के पीछे चंगेज अंसारी (40 वर्ष), निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान, ज्वालापुर, मुख्य साजिशकर्ता है। आरोपी स्वयं को अल्मोडिया इस्लामिक हाई स्कूल ज्वालापुर का प्रिंसिपल बताता है और “द सक्सेज प्वॉइंट” नाम से व्हाट्सएप/सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग चलाता है, जिसमें लगभग 40–50 छात्र जुड़े बताए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी ट्यूशन छात्रा प्राची और उसकी नाबालिग बहन के अभिभावकों से परीक्षा पास कराने के नाम पर धनराशि ली थी। आरोपी ने कथित रूप से सावित्री शिक्षा सदन, रावली महदूद के नाम से फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया और वास्तविक परीक्षार्थी की जगह दूसरी छात्रा को हिंदी की परीक्षा दिलवाई।

अन्य संस्थान की भूमिका की जांच

पुलिस ने बताया कि मामले में सावित्री शिक्षा सदन रावली महदूद की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!