हरिद्वार में बच्चों से लकड़ी ढुलाई का मामला, प्रधानाध्यापिका सरस्वती चौहान निलंबित

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) बहादराबाद क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय अजीतपुर में छात्रों से मिड-डे मील के लिए लकड़ी ढुलवाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने प्रधानाध्यापिका सरस्वती चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वायरल वीडियो में शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान छोटे-छोटे बच्चे सिर और हाथों में लकड़ी उठाकर जाते हुए दिखाई दे रहे थे। जानकारी के अनुसार, दो बच्चे सिर पर लकड़ी की गठरी लेकर जा रहे थे, जबकि अन्य बच्चे हाथों में लकड़ी लिए हुए थे। विद्यालय समय में बच्चों का इस तरह बाहर होना और उनसे श्रम कराया जाना मामले को और गंभीर बना गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। हालांकि जांच में यह भी सामने आया कि जिस व्यक्ति से लकड़ी खरीदी गई थी, एक बच्चा उसका पुत्र था, फिर भी अन्य बच्चों से कार्य कराया जाना नियमों के विपरीत माना गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह कृत्य बाल श्रम और शिक्षा के अधिकार कानूनों का उल्लंघन है। निलंबन अवधि के दौरान प्रधानाध्यापिका का संबंध खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!