HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून: उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में शिरकत की और राज्य को 8260.72 करोड़ रुपये की 31 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 7329.06 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास और 931.65 करोड़ रुपये की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड जल्द ही देश के सबसे विकसित राज्यों में शुमार होगा और केंद्र सरकार इसके विकास में हर कदम पर साथ है।
प्रमुख परियोजनाओं में देहरादून और टिहरी के लिए 2491.96 करोड़ रुपये की सौग बांध पेयजल परियोजना शामिल है, जो 150 एमएलडी जलापूर्ति सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा, नैनीताल में 2584.10 करोड़ रुपये की जमरानी बांध परियोजना पेयजल, सिंचाई और 14 मेगावाट बिजली उत्पादन का मार्ग प्रशस्त करेगी। अन्य परियोजनाओं में ऊर्जा, सड़क, जलापूर्ति, खेल, तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, वन्यजीव संरक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं, जो पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी, चंपावत, पौड़ी, देहरादून और नैनीताल जिलों को लाभ पहुंचाएंगी।
इनमें पिथौरागढ़ के बरम में 220 केवी विद्युत उपकेंद्र, देहरादून जलापूर्ति योजना, सोलर पावर प्लांट, पिथौरागढ़ और पौड़ी में पेयजल योजनाएं, धारचूला में भूस्खलन उपचार कार्य, हल्द्वानी में हॉकी एस्ट्रोटर्फ और तकनीकी शिक्षा से जुड़े भवन निर्माण शामिल हैं। पीएम ने कहा कि ये परियोजनाएं उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे और जनकल्याण को नई ऊर्जा देंगी। यह समारोह राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड को दी 8260 करोड़ की विकास सौगात, रजत जयंती पर बुनियादी ढांचे को मिला बल, -दीपक मौर्य-