हरिद्वार में वैयक्तिक सहायक परीक्षा की तैयारियां पूरी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उच्च न्यायालय उत्तराखंड के अधिष्ठान में वैयक्तिक सहायक परीक्षा-2025 के द्वितीय प्रश्नपत्र के अंतर्गत अंग्रेजी टंकण परीक्षा का आयोजन 7 से 10 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के परीक्षा भवन स्थित ज्ञानोदय लैब में दो सत्रों में किया जाएगा।नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि प्रत्येक दिन पूर्वाह्न 11 बजे से प्रथम सत्र तथा अपराह्न 3 बजे से द्वितीय सत्र आयोजित होगा। प्रतिदिन लगभग 200 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। अंतिम दिन 10 अप्रैल को दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है।
कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 (पूर्व धारा 144) लागू की गई है। इस अवधि में पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, जुलूस निकालने और धरना-प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा परीक्षा केंद्र के आसपास ध्वनि प्रदूषण, हथियारों के प्रयोग और किसी भी प्रकार के अवांछनीय गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, पेजर और किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!