होली से पहले पुलिस का एक्शन: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते 30 लोग पकड़े

Listen to this article

हरिद्वार (अर्जुन देव शर्मा) होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सिडकुल क्षेत्र में पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। गुरुवार को हुई कार्रवाई में थाना सिडकुल पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 30 व्यक्तियों को पकड़कर उनके विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर ही 7500 रुपये संयोजन शुल्क वसूल किया और सभी को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कड़ी चेतावनी दी।

पुलिस को बीते कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सिडकुल क्षेत्र की फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय कुछ युवक शराब की दुकानों, ढाबों और सड़क किनारे बैठकर शराब का सेवन करते हैं। आरोप है कि इस दौरान वहां से गुजरने वाली महिलाओं पर फब्तियां भी कसी जाती थीं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में 27 फरवरी को थाना सिडकुल पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।

थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों और होटल-ढाबों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुल 30 लोगों को मौके से हिरासत में लेकर 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना और हुड़दंग करना कानूनन अपराध है। होली के मद्देनजर पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही है। यदि किसी ने शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र तोमर, उप निरीक्षक इंद्रजीत राणा, उप निरीक्षक अनिल बिष्ट, अपर उप निरीक्षक अनिल कुमार, अपर उप निरीक्षक सुभाष रावत सहित चेतक कर्मी और पीएसी जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!