हरिद्वार। कनखल थाने के निकट एक निजी क्लीनिक में एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, बच्चे को डॉक्टर द्वारा दी गई दवा खाने के तुरंत बाद मुंह से खून की उल्टियां होने लगीं। देखते ही देखते बच्चे की सांसें थम गईं।
परिजन बच्चे को तुरंत उसी क्लीनिक ले गए, लेकिन डॉक्टर क्लीनिक से फरार हो चुका था। गुस्साए परिजनों ने क्लीनिक के बाहर जमकर हंगामा किया और गलत दवा देने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली और मामला शांत कराया।
मां ने शुरू में बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में सहमति बनी। उधर, फरार डॉक्टर ने दावा किया कि उन्होंने मां को दवा की मात्रा तीन मिलीलीटर सुबह-शाम देने की सलाह दी थी, लेकिन बच्चे को ओवरडोज दे दी गई।