HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। धनौरी स्थित हरि ओम सरस्वती पीजी कॉलेज में बाल दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने कहा कि युवाओं को नशा मुक्ति और अपराध की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि हरिद्वार पुलिस युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए कृतसंकल्प है। यह पहला अवसर था जब एसएसपी अपने सेवा काल में किसी कॉलेज में छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं नशा मुक्ति और साइबर अपराध रोकथाम में पुलिस की मदद कर सकते हैं। इस दौरान उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए।
एसपी ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि इस पिछड़े क्षेत्र में कॉलेज की स्थापना एक क्रांतिकारी कदम है, जहां अधिकतर छात्राएं पढ़ रही हैं। हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. अजयवीर सिंह पुंडीर ने बताया कि कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। योगाचार्य डॉ. अंकित सैनी ने कहा कि बाल दिवस पर बच्चों को सही मार्गदर्शन मिलना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति की सचिव सुमन देवी ने की, जबकि संचालन प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने किया। एसएसपी और एसपी ग्रामीण को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. निशा रानी, डॉ. राहुल देव, डॉ. अंजली, डॉ. मीनाक्षी सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।