55 से अधिक मुकदमों वाले कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी का हुआ अंत, एम्स अस्पताल में ली अंतिम सांस,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सनसनीखेज गोलीबारी की घटना में घायल हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी ने आखिरकार दम तोड़ दिया। एम्स ऋषिकेश में भर्ती विनय त्यागी को शनिवार सुबह करीब 7 बजे मृत घोषित कर दिया गया। वह ट्रॉमा आईसीयू में वेंटिलेटर पर जीवन और मौत से जूझ रहा था। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलाल मोहंती ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है।

घटना 24 दिसंबर की है, जब रुड़की जेल से लक्सर कोर्ट में पेशी पर ले जाए जा रहे विनय त्यागी पर लक्सर फ्लाईओवर पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। पुलिस कस्टडी में होने के बावजूद हमलावरों ने दिनदहाड़े यह दुस्साहस किया। विनय त्यागी को सीने, हाथ और गले में गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दो पुलिसकर्मी भी इस फायरिंग में जख्मी हुए थे। घायल त्यागी को तुरंत एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां तीन दिन तक उपचार चला, लेकिन वह बच नहीं सका।

मुजफ्फरनगर के खाईखेड़ी गांव निवासी विनय त्यागी उर्फ टिंकू पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में 50 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे। हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट जैसे अपराधों में उसका नाम शामिल था। उसका अपराध जगत में गहरा नेटवर्क था और वह जमीन हथियाने व बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के लिए कुख्यात था। उसकी पत्नी निशि त्यागी मुजफ्फरनगर में ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं।

हमले के बाद हरिद्वार पुलिस ने दोनों शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया था, जो त्यागी गैंग के ही पुराने गुर्गे निकले। पुलिस ने सुरक्षा चूक पर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया। सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस ने त्यागी का शव कब्जे में लेकर पंचनामा प्रक्रिया शुरू कर दी है। एम्स में ही पोस्टमार्टम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!