देहरादून (गौरव कुमार) प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ उत्तराखंड द्वारा सोमवार को देहरादून में शपथ ग्रहण अधिवेशन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने पद एवं दायित्वों की विधिवत शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तथा महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सुनीता टम्टा द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि नए पदाधिकारियों पर संगठन को नई दिशा देने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने चिकित्सकों की प्रमुख मांगों को पूरा करने का पूर्ण आश्वासन दिया। इसमें समय से डीपीसी एवं एसडीएसपी कराना, सेवा में एक बार छूट प्रदान करना, सभी जिला एवं उप-जिला चिकित्सालयों में चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी स्थापित करना, दूर-दराज क्षेत्रों में सेवा दे रहे डॉक्टरों के लिए डॉक्टर्स कॉलोनी बनाने का आश्वासन तथा डॉक्टरों की पोस्टिंग उनके प्रदर्शन के आधार पर करने पर जोर दिया। सुगम एवं दुर्गम क्षेत्रों का चयन राज्य स्तर पर करने का भी उन्होंने समर्थन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
अधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 150 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। चिकित्सकों द्वारा मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस दौरान डॉ. रमेश कुंवर ने अध्यक्ष पद तथा डॉ. यशपाल सिंह तोमर ने महासचिव पद की शपथ ली। अन्य पदाधिकारियों ने भी ईमानदारी, निष्ठा और पद की गरिमा बनाए रखने की शपथ ग्रहण की।
वक्ताओं ने संगठन की भावी योजनाओं, सामाजिक उत्तरदायित्वों तथा जनहित के कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संघ के सदस्यगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. यशपाल सिंह तोमर ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल सहित सभी अतिथियों और सम्मानित चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया तथा संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. तृप्ति बहुगुणा, डॉ. आर.सी. पंत, डॉ. शिखा जगपांगी, डॉ. रश्मी पंत, डॉ. डी.पी. जोशी, डॉ. बी.सी. रमोला, डॉ. मनोज वर्मा सहित सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रदेशभर से आए चिकित्सक मौजूद रहे।
