सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का युवाओं को संदेश: लक्ष्य निर्धारित करें, नशे से रहें दूर, -दीपक मौर्य-

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। उत्तराखंड के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती सप्ताह के अंतर्गत हरिद्वार में युवा महोत्सव का आयोजन ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलन के साथ किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिला अधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में यह आयोजन युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया।

सांसद रावत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए युवाओं को नशा मुक्त उत्तराखंड के लिए शपथ दिलाई। उन्होंने संस्कारों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों का मार्गदर्शन युवाओं के भविष्य को संवारता है।

कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों के युवा कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समृद्ध उत्तराखंडी विरासत को प्रदर्शित किया, जिसकी रावत ने सराहना की। रजत जयंती के तहत पहाड़ी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का निरीक्षण किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों को भी सराहा गया।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री विमल कुमार, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति, युवक-महिला मंगल दल, और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास अधिकारी विनोद प्रसाद मिश्रा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!