HINDUSTAN NEWS TODAY, लोकसभा सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई तथा पूर्व बैठक के निर्देशों पर हुई कार्यवाही का मूल्यांकन किया गया।
बैठक शुरू होने से पूर्व सांसद ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सांसद ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि केन्द्र की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ आम जन तक पहुँचाना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। जल जीवन मिशन के तहत लीकेज पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत, क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण, ओवरलोडिंग वाहनों पर सख्त निगरानी, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, गर्भवती महिलाओं को रेफर न करने, चिकित्सालयों में आवश्यक उपकरण एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को बिजली चोरी पर अंकुश लगाने व त्वरित सुधार के आदेश दिए गए। मत्स्य पालन, डेयरी, बकरी पालन, सिंचाई सुविधा व असिंचित क्षेत्रों के डाटा तैयार करने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पेंशन योजना, कृषि, शिक्षा, बाल विकास, पूर्ति, खेल, श्रम आदि विभागों की योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा हुई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सांसद को आश्वासन दिया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन कराया जाएगा तथा जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का एक माह में निराकरण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, विधायक मदन कौशिक, काजी निजामुद्दीन, वीरेन्द्र जाटव, फुरकान अहमद, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, अनुपमा रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. भीमराव अंबेडकर को सांसद रावत ने पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, दिशा बैठक की शुरुआत बाबासाहेब को नमन से,