मिशन 4 अप्रैल : हरिद्वार में गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव पर भव्य दमड़ी यात्रा की तैयारियां तेज

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में पंजाब से भव्य दमड़ी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 4 अप्रैल को ज्वालापुर पुल जटवाड़ा सुबह 10 बजे पहुंचेगी। यहां से श्रद्धालु पैदल ही परम संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर, हरकी पैड़ी पहुंचेंगे।

रविदासिया समाज ने यात्रा के स्वागत की भव्य तैयारियां शुरू कर दी हैं। जगह-जगह बैठकें आयोजित की जा रही हैं। आयोजकों का दावा है कि इस कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक गुरु रविदास जी में आस्था रखने वाले श्रद्धालु भाग लेंगे। भक्ति भावना से ओत-प्रोत यह यात्रा गुरु जी के संदेशों—समानता, भाईचारे और बेगमपुरा की अवधारणा—को और मजबूत करेगी। भीम आर्मी जय भीम संगठन और अंतरराष्ट्रीय जल कल्याण रविदास धाम ट्रस्ट अंतर्राष्ट्रीय जनकल्याण रविदास धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमुख योगेश कुमार और वरिष्ठ समाजसेवी राजवीर कटारिया के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यात्रा में चेयरमैन संत श्रवण दास बोहन, प्रधान गुरु रविदास साधु संप्रदाय समिति पंजाब संत बाबा निर्मल दास, सचिव संत इंद्र दास जनरल तथा संत परमजीत दास जैसे प्रमुख संत महात्मा शामिल होंगे।

समाजसेवियों ने बताया कि दमड़ी यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, गुरु रविदास जी की शिक्षाओं पर चर्चा और सामूहिक प्रार्थना का आयोजन होगा। यह यात्रा हरिद्वार को भक्ति और एकता का केंद्र बनाएगी। रविदासिया समाज ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनुशासन बनाए रखें और यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!