हरिद्वार ( गौरव कुमार) संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की पारंपरिक दमड़ी यात्रा इस वर्ष भी पंजाब से चलकर 4 अप्रैल को हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में पहुंचेगी। यात्रा के आगमन को लेकर स्थानीय समाज और गुरु प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
वरिष्ठ समाजसेवी राजवीर सिंह कटारिया ने बताया कि यात्रा सुबह करीब 10 बजे ज्वालापुर स्थित पुल जटवाड़ा रविदास गेट पर पहुंचेगी, जहां संतों और गुरुओं का भव्य स्वागत किया जाएगा। आयोजकों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यात्रा का स्वागत करने और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
दमड़ी यात्रा के आगमन से पहले ही पुल जटवाड़ा स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास प्रवेश द्वार को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। रंग-बिरंगी लाइटों, बैनरों और धार्मिक झंडों से पूरे क्षेत्र को सजाया जा रहा है, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया है।
भीम आर्मी जय भीम संगठन से जुड़े अश्वनी पटेल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी यात्रा पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज में एकता, भाईचारे और गुरु परंपरा को मजबूत करने का संदेश देती है।
दमड़ी यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, सत्संग और प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय प्रशासन और आयोजक यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मिशन 4 अप्रैल : ज्वालापुर में गूंजेगा गुरु रविदास का जयघोष, 4 अप्रैल को पहुंचेगी दमड़ी यात्रा
