HINDUSTAN NEWS TODAY, रायसी (लक्सर प्रभारी राजेश लाम्बा)। हर्ष विद्या मंदिर पी.जी. कॉलेज, रायसी में गुरुवार को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा सौहार्द दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य गौतम ने दीप प्रज्वलन कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक पहचान ‘विविधता में एकता’ है। सौहार्द और पारस्परिक सम्मान ही हमारी सामाजिक परंपरा की आत्मा है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी में सकारात्मक सोच और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. के.पी. सिंह एवं सचिव डॉ. हर्ष कुमार दौलत ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब हर समुदाय को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिलें। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का यह प्रयास सामाजिक सौहार्द की दिशा में सराहनीय कदम है।
कार्यक्रम का संचालन अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. सुरजीत कौर, सह-संयोजक डॉ. मो. इकराम तथा सदस्य श्री सरफराज हुसैन ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. सुरजीत कौर ने सौहार्द दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभिन्नताओं को स्वीकार करना और एक-दूसरे का सम्मान करना ही सामाजिक उन्नति का आधार है।
छात्र-छात्राओं ने साम्प्रदायिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता पर ओजपूर्ण वक्तव्य दिए तथा समूह चर्चा और रचनात्मक प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों ने पूरे कॉलेज परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और सौहार्द का वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम में डॉ. के.पी. तोमर, डॉ. अजीत कुमार राव, डॉ. निशा पाल, डॉ. विनीता, डॉ. वर्षा रानी, डॉ. अलका हरित सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।