HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। न्यू हरिद्वार क्षेत्र में स्थित देवभूमि अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। भोगपुर निवासी 22 वर्षीय आरती की पहली डिलीवरी के दौरान इलाज में कथित लापरवाही के चलते मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण आरती की जान गई। मौके पर तनाव को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह पहली बार नहीं है जब देवभूमि अस्पताल पर गंभीर आरोप लगे हों। रिहायशी इलाके में चल रहे इस अस्पताल में पहले भी कई मरीजों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं, जिसके चलते इसे “अकाल का ग्रास” तक कहा जा रहा है। परिजनों ने मांग की है कि अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और दोषी डॉक्टरों को दंडित किया जाए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, जबकि स्थानीय लोग अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
हरिद्वार के देवभूमि अस्पताल में प्रसूता की मौत, लापरवाही का आरोप, परिजनों का हंगामा, -दीपक मौर्य-