HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 69वें महापरिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को श्यामपुर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. बी.आर. अंबेडकर महासभा सुरक्षा समिति श्यामपुर एवं ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, भारतीय संविधान के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान, सामाजिक न्याय एवं समता की स्थापना के लिए उनके अथक प्रयासों को याद किया। उनके तीन अमर संदेशों – “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को जीवन का आधार बनाने पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का सपना तभी साकार होगा जब समाज का अंतिम व्यक्ति भी शिक्षा, सम्मान और अधिकारों से संपन्न होगा।
श्रद्धांजलि सभा के बाद संत रविदास मंदिर प्रांगण से विशाल कैंडल मार्च प्रारंभ हुआ। हाथों में जलती मोमबत्तियाँ लिए सैकड़ों लोग “जय भीम, जय भारत” के नारे लगाते हुए श्यामपुर एवं निकटवर्ती सजनपुर गाँव के मुख्य मार्गों से गुजरे। मार्च शांति, भाईचारा, सामाजिक समरसता और संविधान की रक्षा का संदेश लेकर चला। मार्च का समापन पुनः डॉ. अंबेडकर पार्क में हुआ, जहाँ उपस्थित जनों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों को जीवन में उतारने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।