HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर हरिद्वार से कड़ा बयान सामने आया है। महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत-पाक विभाजन के बाद पहले पाकिस्तान और फिर बांग्लादेश में लाखों हिंदुओं की हत्या हुई, उनकी संपत्तियां छीनी गईं और उन्हें लगातार डर के माहौल में जीने को मजबूर किया गया।
महामंडलेश्वर ने सवाल उठाया कि जब पूरे बांग्लादेश में हिंदुओं की दुकानों, मकानों और जमीनों पर कब्जे की खबरें सामने आ रही हैं, तब अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन और वैश्विक संस्थाएं चुप क्यों हैं? उन्होंने हालात की भयावहता का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की प्रधानमंत्री को भी अपनी जान बचाने के लिए देश छोड़ना पड़ा।
स्वामी रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने इसे केवल धार्मिक मुद्दा नहीं बताते हुए कहा कि यह एक व्यापक वैश्विक साजिश का हिस्सा है, जिसमें हिंदू समाज को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने हिंदू समाज से संगठित होने की अपील की और भारत सरकार से इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की मांग की, ताकि देश और सीमावर्ती क्षेत्रों में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए वहां लगातार सामने आ रही घटनाओं पर चिंता जताई और राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार का आरोप, हरिद्वार से महामंडलेश्वर का तीखा बयान,