हरिद्वार में राशन कार्डों की ई-केवाईसी अनिवार्य, अपात्रों की सूची तैयार,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। जिला प्रशासन ने राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी को पूरी तरह अनिवार्य कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग ने व्यापक सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है, जिसमें सभी राशन कार्ड धारकों के परिवार के प्रत्येक सदस्य का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य ने बताया कि शासन के नए निर्देशानुसार अब केवल परिवार के मुखिया की नहीं, बल्कि कार्ड में शामिल सभी सदस्यों की ई-केवाईसी जरूरी है। इसके लिए आधार-लिंक्ड बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण (फिंगरप्रिंट/आईरिस) अनिवार्य होगा। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले कार्डधारकों को भविष्य में राशन मिलने में दिक्कत हो सकती है।

अभियान के तहत अपात्र लाभार्थियों की पहचान भी की जा रही है। मृत व्यक्तियों, बाहर रहने वाले सदस्यों, आयकर दाता परिवारों और अन्य अपात्र श्रेणियों के नाम हटाए जाएंगे। विभाग ने सभी उचित दर दुकानों और जन सुविधा केंद्रों पर ई-केवाईसी कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल राशन वितरण पर कोई रोक नहीं है, लेकिन दिसंबर माह के अंत तक अधिकांश कार्डधारकों से ई-केवाईसी पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारी ने सभी लाभार्थियों से शीघ्र नजदीकी दुकान या सीएससी केंद्र पर जाकर ई-केवाईसी कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!