HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। चेकिंग के दौरान कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर अवैध शराब का जखीरा पकड़ा है। आरोपित ट्रक चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर अवैध शराब के असली मलिका तक पहुंचने का पता निकाल रही है।
बुधवार की रात चौकी लण्ढौरा क्षेत्र में सूचना के आधार पर एक 10 टायर ट्रक को रोका गया। ड्राइवर ने जांच के दौरान बताया कि ट्रक में कैमिकल लदा हुआ है। उसकी बार-बार आनाकानी और बहानेबाजी पर संदेह होने पर टीम ने ट्रक की तलाशी ली। जांच में कंटेनर से 300 पेटी अंग्रेजी शराब (हरियाणा ब्रांड सुपर जुबली स्पेशल व्हिस्की) बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ड्राइवर ने बताया कि यह शराब चंडीगढ़ से लोड की गई थी और हरिद्वार, गोरखपुर, कुशीनगर होते हुए बिहार पहुंचाई जानी थी। कैमिकल बिल की आड़ में तस्करी कर बिहार में भारी मुनाफा कमाने की योजना थी। हालांकि, हरिद्वार में पुलिस की चेकिंग और बड़े वाहनों की आवाजाही में रुकावट देखकर ड्राइवर ने वैकल्पिक रूट अपनाया था।
पकड़े गए ड्राइवर की पहचान रविरंजन कुमार राय पुत्र लखिन्द्र राय, निवासी सुन्दरपुर बिरियापुर, थाना सकरा, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई। बरामद सामान में 300 पेटी शराब, एक 10 टायर ट्रक और एक मोबाइल फोन शामिल है।
कोतवाली मंगलौर इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।